नयी दिल्ली , अप्रैल 02 -- देश का रक्षा निर्यात वित्त वर्ष 2025-26 में अब तक के सर्वोच्च स्तर 38,424 करोड़ रुपए पर पहुंच गया है।

रक्षा मंत्रालय ने गुरुवार एक वक्तव्य में कहा कि यह राशि पिछले वित्त वर्ष के 23,622 करोड़ रुपए के आंकड़े से 14,802 करोड़ रुपए (62.66 प्रतिशत) अधिक है। इस ऐतिहासिक उपलब्धि में सार्वजनिक क्षेत्र के रक्षा उपक्रमों और निजी क्षेत्र का योगदान क्रमशः 54.84 प्रतिशत और 45.16 प्रतिशत रहा है।

मंत्रालय ने कहा है कि भारतीय रक्षा उद्योग की यह उपलब्धि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के भारत को विश्व के शीर्ष रक्षा निर्यातकों में स्थान दिलाने के दृष्टिकोण के अनुरूप है।

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने रक्षा उत्पादन विभाग, भारतीय रक्षा निर्यातकों और अन्य सभी हितधारकों के इस अनुकरणीय प्रदर्शन की सराहना की है। उन्होंने कहा है कि भारत रक्षा उपकरणों का वैश्विक विनिर्माण केंद्र बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित