कोंडागांव , मार्च 24 -- छत्तीसगढ़ के कोंडागांव जिले में बोर की खुदाई के दौरान जमीन धसक जाने से एक किसान की मौत हो गई। जहां जमीन धसकी वह जमीन रेतीली मिट्टी की थी।घटना कोतवाली थाना क्षेत्र के बनियागांव की है, जहां देशी मशीन (हाथ बोर) से खुदाई करते समय किसान गहरे गड्ढे में दब गया। काफी प्रयास के बाद जेसीबी मशीन की मदद से उसे बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी मृत्यु हो चुकी थी।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार बनियागांव के बलारी नाला के पास माझीपारा निवासी सुखराम पोयाम (36) अपने खेत में सिंचाई की व्यवस्था के लिए देशी मशीन से (हाथ बोर) के माध्यम से बोर की खुदाई करवा रहा था। बताया गया है कि वह अपने मक्के के खेत में पानी की उपलब्धता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से लगभग 10 फीट गहरा गड्ढा खोद रहा था। इसी गड्ढे पर बोर खुदाई के दौरान अचानक गड्ढे के आसपास की रेतीली मिट्टी धंस गई और वह उसी में दब गया।

घटना के समय आसपास मौजूद लोगों ने शोर मचाकर अन्य ग्रामीणों को बुलाया और तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। गड्ढे में दबे किसान को निकालने के लिए जेसीबी मशीन की सहायता ली गई। काफी मशक्कत के बाद उसे बाहर निकाला गया और तत्काल जिला अस्पताल कोंडागांव ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

कोतवाली थाना प्रभारी सौरभ उपाध्याय ने वार्ता से बातचीत में किसान की मौत की पुष्टि की है। ग्रामीणों के अनुसार सुखराम पोयाम मेहनतकश किसान था और अपने परिवार के भरण-पोषण के लिए पूरी तरह खेती पर ही निर्भर था। वह मक्के की फसल की सिंचाई के लिए खेत में हाथ बोर खुदवा रहा था, ताकि समय पर पानी की व्यवस्था हो सके।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित