पटना , फरवरी 12 -- बिहार के कृषि मंत्री रामकृपाल यादव ने गुरूवार को कहा कि राष्ट्रीय दलहन परामर्श एवं रणनीति कार्यक्रम के माध्यम से देशव्यापी स्तर पर दलहन उत्पादन बढ़ाने के लिए समन्वित प्रयास किए जा रहे हैं, जिसमें बिहार की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जा रही है।
कृषि मंत्री श्री यादव ने आज बामेती, पटना के सभागार में "बिहार में प्रगतिशील एवं लाभकारी कृषि पद्धतियाँ" विषय पर आयोजित विशेष कार्यक्रम का उद्घाटन किया ।
श्री यादव ने कहा कि कार्यक्रम का उद्देश्य बिहार में कृषि के बदलते परिदृश्य, बाजार की माँग तथा किसानों की आय वृद्धि के लिए आवश्यक रणनीतियों पर व्यापक विचार-विमर्श करना है। उन्होंने कहा कि धान एवं गेहूँ के उत्पादन में आत्मनिर्भरता प्राप्त करने के बाद अब राज्य की कृषि विकास नीति को दलहन, कैश क्रॉप एवं हाई-वैल्यू फसलों के उत्पादन तथा उनके निर्यात की दिशा में केंद्रित करने की आवश्यकता पर बल दिया गया है।
कृषि मंत्री ने कहा कि दलहन उत्पादन को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से केंद्र सरकार द्वारा बिहार को 97 करोड़ रुपये की सहायता राशि उपलब्ध कराई गई है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय दलहन परामर्श एवं रणनीति कार्यक्रम के माध्यम से देशव्यापी स्तर पर दलहन उत्पादन बढ़ाने के लिए समन्वित प्रयास किए जा रहे हैं, जिसमें बिहार की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जा रही है। राज्य सरकार का लक्ष्य है कि बिहार दलहन उत्पादन में अग्रणी राज्यों की श्रेणी में स्थान प्राप्त करे। इसके साथ ही, हाई-वैल्यू एवं कैश क्रॉप को बढ़ावा देने के लिए जिलावार फसल चक्र की वैज्ञानिक रूपरेखा तैयार करने पर भी बल दिया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित