नयी दिल्ली , मार्च 13 -- केंद्र सरकार ने देशभर में ह्यूमन पैपिलोमावायरस (एचपीवी) से बचाव के लिए टीकाकरण कार्यक्रम को मजबूत किया है तथा इस अभियान के तहत 14 वर्ष की लड़कियों को सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों में गार्डसिल 4 वैक्सीन की एक खुराक मुफ्त दी जा रही है।
केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्य मंत्री प्रतापराव जाधव ने शुक्रवार को लोकसभा में लिखित उत्तर में बताया कि देशव्यापी एचपीवी टीकाकरण अभियान 28 फरवरी 2026 से शुरू किया गया है। यह टीकाकरण स्वैच्छिक है, लेकिन इसके लिए माता-पिता की सहमति अनिवार्य रखी गयी है और लाभार्थियों का पंजीकरण यू विन प्लेटफॉर्म पर किया जा सकता है।
श्री जाधव ने बताया कि संसदीय समिति की सिफारिशों के बाद स्वास्थ्य अनुसंधान में कई सुधार किए गए हैं और नैदानिक परीक्षणों की नैतिक निगरानी को मजबूत किया गया है। इसके तहत नई औषधियां और नैदानिक परीक्षण नियम 2019 लागू किए गए, जिससे क्लीनिकल ट्रायल की मंजूरी और निगरानी की प्रक्रिया अधिक पारदर्शी और व्यवस्थित हुई है।
श्री जाधव ने बताया कि टीकाकरण से पहले सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में डॉक्टरों और पैरामेडिकल स्टाफ को व्यापक प्रशिक्षण दिया गया। यह अभियान वैश्विक वैज्ञानिक संस्थाओं जैसे विश्व स्वास्थ्य संगठन, भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद और टीकाकरण पर राष्ट्रीय तकनीकी सलाहकार समूह की सिफारिशों के आधार पर शुरू किया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित