गांधीनगर , नवंबर 11 -- गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल गांधीनगर जिले की माणसा तहसील के सोजा गांव में आयोजित देवी भागवत सप्ताह ज्ञान यज्ञ में मंगलवार को शामिल हुए।
श्री पटेल ने इस अवसर पर कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का 'सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास' का कार्यमंत्र सोजा गांव में श्री वीर वेलुड़ा सेवा मंडल द्वारा अर्धशताब्दी महोत्सव के अवसर पर आयोजित देवी भागवत सप्ताह ज्ञान यज्ञ में साकार हुआ है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वीर वेलुड़ा महाराज ने अपने प्राण का बलिदान देकर सोजा गांव की रक्षा की थी। आज सोजा गांव के श्री वीर वेलुड़ा सेवा मंडल के हर उम्र, हर जाति और हर वर्ग के लोग कंधे से कंधा मिलाकर सामाजिक समरसता का कार्य कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि एकता के बल पर सोजा गांव प्रधानमंत्री के 'विकास भी, विरासत भी' मंत्र को साकार कर रहा है। प्रधानमंत्री श्री मोदी ने जिस प्रकार से काशी, उज्जैन, अयोध्या और सोमनाथ में विकास को विरासत के साथ जोड़ा है, उसी प्रकार सोजा गांव भी विकास और विरासत को आगे बढ़ा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस अर्धशताब्दी महोत्सव को और अधिक पवित्र बनाने के लिए श्रीमद् देवी भागवत सप्ताह ज्ञान यज्ञ और शतचंडी महायज्ञ का भव्य आयोजन किया गया है। श्रीमद् देवी भागत पुराण मातृशक्ति का महान ग्रंथ है, जिसमें मां भगवती की महिमा का वर्णन किया गया है।
उन्होंने कहा कि देवी भागवत और शक्ति उपासना के साहित्य में माताजी के अनेक स्वरूप देखने को मिलते हैं। देवी भागवत का श्रवण करने से माता के स्वरूपों और पराक्रमों का ज्ञान मिलता है। साथ ही, शक्ति स्वरूपा माता के महत्व का बोध होने से समाज में स्त्रियों के प्रति सम्मान की भावना को भी बल मिलता है।
प्रधानमंत्री के नेतृत्व में विकसित भारत की दिशा में आगे बढ़ रहे देश का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने सोजा गांव को स्वदेशी और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देकर आदर्श गांव बनने की प्रेरणा दी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित