अमरेली, सितंबर 30 -- गुजरात के राज्यपाल आचार्य देवव्रत ने अमरेली जिले के लाठी तहसील के दूधाला गांव स्थित लालजी दादा ऋषि कृषि केंद्र प्राकृतिक फार्म का मंगलवार को दौरा किया।
श्री देवव्रत ने फार्म का भ्रमण कर प्राकृतिक कृषि पद्धति और विभिन्न फसलों का निरीक्षण किया। इस प्राकृतिक कृषि फार्म में चंदन, नीम, खजूर जैसे फलों के पेड़ तथा नारियल, चीकू, नीलगिरी, शीशम आदि के पौधे लगाये गये हैं।
लाठी के दूधाला, अकाला सहित आसपास के गांवों से आये प्राकृतिक खेती करने वाले किसानों ने राज्यपाल का पुष्पगुच्छ देकर गर्मजोशी से स्वागत किया।
श्री आचार्य देवव्रत ने प्रगतिशील किसानों के साथ प्राकृतिक खेती में उपयोगी घन जीवामृत, मिश्रित फसलों की बुवाई पद्धति, धान्य एवं दलहन फसलों, पहली बार बुवाई करते समय आने वाली कठिनाइयों जैसे विषयों पर सहज संवाद किया और किसानों को प्राकृतिक खेती पद्धति पर मार्गदर्शन दिया।
राज्यपाल ने गौशाला का निरीक्षण किया और गौ माता को गुड़ खिलाकर स्वयं को धन्य महसूस किया। प्राकृतिक कृषि फार्म में उन्होंने कल्पवृक्ष का रोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। साथ ही वहां उगायी गयी विभिन्न फलों की फसलों का अवलोकन भी किया और दूधाला प्राथमिक विद्यालय का दौरा भी किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित