अहमदाबाद , दिसंबर 29 -- गुजरात के राज्यपाल आचार्य देवव्रत ने प्रधानमंत्री नरेन्द्रभाई मोदी के जीवन, विचार, कार्यसंस्कृति और राष्ट्र के प्रति उनके अडिग संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से आयोजित मेगा म्यूजिकल मल्टीमीडिया शो 'नमोत्सव' सोमवार को देखा।
अहमदाबाद के घुमा स्थित संस्कारधाम में आयोजित इस भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम में श्री मोदी के बाल्यकाल से लेकर राष्ट्रनिर्माण की यात्रा तक के विभिन्न चरणों को संगीत, नृत्य, नाट्य और आधुनिक मल्टीमीडिया माध्यमों के जरिए प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया गया। इस अवसर पर प्रसिद्ध कलाकार साईंराम दवे सहित कुल 150 कलाकारों ने अपनी सशक्त और भावनात्मक प्रस्तुतियों से उपस्थित जनसमूह को मंत्रमुग्ध कर दिया।
कार्यक्रम के दौरान देशभक्ति, सेवा, संकल्प, संस्कार और विकास जैसे मूल्यों को कलात्मक अभिव्यक्ति के माध्यम से उजागर किया गया, जिससे दर्शकों में प्रेरणा और राष्ट्रप्रेम की भावना और अधिक प्रबल हुई। 'नमोत्सव' कार्यक्रम के माध्यम से प्रधानमंत्री श्री मोदी के जीवन से प्रेरणा लेकर राष्ट्रहित में समर्पित भाव से कार्य करने का संदेश अत्यंत प्रभावी रूप में प्रस्तुत किया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित