सोमनाथ , जनवरी 21 -- गुजरात में गिर सोमनाथ जिले के दौरे के दौरान बुधवार को राज्यपाल आचार्य देवव्रत ने उमरेठी गांव में प्राकृतिक कृषि करने वाले किसान महेशभाई अर्जनभाई नागेरा के मॉडल फार्म का दौरा किया।
श्री देवव्रत बैलगाड़ी चलाकर खेत तक पहुंचे और खेत में आम के वृक्ष, आम की बौर, प्राकृतिक कृषि में उपयोग किए जाने वाले जीवामृत के छिड़काव सहित विभिन्न गतिविधियों की जानकारी श्री महेशभाई से प्राप्त की। इस दौरान राज्यपाल ने फार्म में गन्ने की कटाई भी की।
राज्यपाल ने ट्रैक्टर के माध्यम से आम के बाग में पम्पिंग कर जीवामृत के छिड़काव की व्यवस्था को देखकर प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने खेत में उपस्थित उमरेठी गांव के किसानों के समक्ष जीवामृत निर्माण की प्रक्रिया का सजीव प्रदर्शन कर प्राकृतिक कृषि से होने वाले लाभों की विस्तृत जानकारी दी।
उन्होंने उपस्थित किसानों को प्राकृतिक कृषि और रासायनिक कृषि के बीच का मूलभूत अंतर समझाते हुए कहा कि यदि भविष्य में निरोगी और स्वस्थ जीवन जीना है, तो प्राकृतिक कृषि के अलावा कोई अन्य विकल्प नहीं है। उन्होंने प्राकृतिक कृषि के महत्व और उसके दीर्घकालीन लाभों पर विशेष बल दिया।
राज्यपाल देवव्रत ने किसान महेशभाई नागेरा के परिवारजनों से भेंट कर उनकी कुशलक्षेम भी पूछी। इसके पूर्व उन्होंने उमरेठी स्थित गौशाला का भी अवलोकन किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित