देवरिया , मार्च 23 -- उत्तर प्रदेश के देवरिया में राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 727ए (गोरखपुर-देवरिया-सलेमपुर-मैरवा मार्ग) पर मरम्मत कार्य के चलते 27 मार्च से 20 अप्रैल तक यातायात रूट डायवर्जन रहेगा।

जिलाधिकारी दिव्या मित्तल ने बताया कि देवरिया आरओबी पर वियरिंग कोट और एक्सपेंशन ज्वाइंट की मरम्मत के कारण इस अवधि में यातायात प्रभावित रहेगा। सुरक्षित एवं व्यवस्थित ढंग से कार्य संपन्न कराने के लिए प्रशासन और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने स्थलीय निरीक्षण किया और वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किए।

उन्होंने बताया कि सलेमपुर की ओर से आने वाले सभी वाहनों को रूद्रपुर मोड़ से डायवर्ट कर रामचक, रूद्रपुर बाइपास होते हुए दुग्धेश्वर नाथ मंदिर व रामलक्षन मार्ग के जरिए गौरीबाजार होकर गोरखपुर की ओर भेजा जाएगा। वहीं गोरखपुर की ओर से आने वाले वाहन मुख्य मार्ग (देवरिया आरओबी) से होकर देवरिया, सलेमपुर आदि के लिए प्रस्थान करेंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित