देवरिया , फरवरी 8 -- उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद की 18 फरवरी से शुरू होने वाली बोर्ड परीक्षा के लिए प्रश्नपत्रों की खेप शनिवार को देवरिया पहुंच गई।

हाईस्कूल व इंटरमीडिएट परीक्षा के प्रश्नपत्र राजकीय इंटर कॉलेज के कोठार में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच सुरक्षित रखवाए गए हैं। जिले में इस वर्ष कुल 174 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां 1,15,967 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे। इनमें हाईस्कूल के 57,556 और इंटर के 58,411 छात्र-छात्राएं पंजीकृत हैं।

डीआईओएस कार्यालय ने कक्ष निरीक्षकों की ड्यूटी के लिए बीएसए से शिक्षकों की सूची मांगी है। कक्ष निरीक्षकों के परिचय पत्र परीक्षा शुरू होने से एक सप्ताह पूर्व परिषद के पोर्टल पर जारी किए जाएंगे, जिन्हें डीआईओएस स्तर से डाउनलोड कर विद्यालयों को उपलब्ध कराया जाएगा। परीक्षा केंद्र का विवरण अंकित कर परिचय पत्र प्रधानाचार्य के माध्यम से संबंधित कक्ष निरीक्षकों को सौंपे जाएंगे।

जिला विद्यालय निरीक्षक शिव नारायण सिंह ने बताया कि सभी कक्ष निरीक्षकों को 15 फरवरी तक अपने-अपने केंद्र पर पहुंचकर केंद्र व्यवस्थापक को रिपोर्ट करना अनिवार्य होगा। प्रत्येक कक्ष में 40 छात्रों पर दो तथा 41 से 60 छात्रों पर तीन कक्ष निरीक्षक तैनात किए जाएंगे। पांच कक्षों पर एक मोचक की व्यवस्था रहेगी और प्रत्येक कक्ष में कम से कम एक निरीक्षक दूसरे विद्यालय का होगा। बालिका परीक्षा केंद्रों पर महिला कक्ष निरीक्षकों की तैनाती सुनिश्चित की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित