देवरिया , मार्च 12 -- देवरिया में जिलाधिकारी दिव्या मित्तल की पहल पर मुसहर समुदाय के लोगों को मुख्यधारा से जोड़ने के लिए विशेष अभियान चलाया गया। जिलाधिकारी ने बताया कि गुरुवार को जिले के पथरदेवा विकास खण्ड के मलवाबर गांव, आनन्द नगर गांव और सुन्दरपुर गांव में समाज के अंतिम पायदान पर खड़े मुसहर समुदाय के लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए विशेष शिविर आयोजित किए गए।
अभियान के तहत बड़ी संख्या में लोगों को आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध कराए गए और विभिन्न योजनाओं से जोड़ा गया। इस दौरान 153 लोगों के जन्म प्रमाण पत्र जारी किए गए, जबकि 53 लोगों के नए आधार कार्ड बनाए गए। इसके अतिरिक्त 64 लोगों को आवासीय पट्टे स्वीकृत किए गए तथा 21 परिवारों को मुख्यमंत्री आवास योजना का लाभ प्रदान किया गया।
जिलाधिकारी ने कहा कि सरकार की मंशा है कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचे और कोई भी व्यक्ति सरकारी सुविधाओं से वंचित न रहे। जिला प्रशासन की इस पहल से मुसहर समुदाय के लोगों में खुशी की लहर देखी गई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित