देवरिया , फरवरी 2 -- उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत जिले में महिलाओं को आजीविका से जोड़कर आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए ग्राम संतृप्तिकरण अभियान शुरू किया गया है। अभियान के अंतर्गत 17,670 नए स्वयं सहायता समूह गठित कर 2,29,970 सदस्यों को जोड़ने तथा पूर्व गठित समूहों में 83,175 नए सदस्यों को शामिल करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
अभियान के माध्यम से जिले की सभी 1,121 ग्राम पंचायतों में पात्र एवं वंचित परिवारों की महिलाओं को समूहों से जोड़ा जाएगा। इसमें अन्त्योदय व पात्र गृहस्थी राशन कार्ड धारक, प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के लाभार्थी, मनरेगा जॉब कार्ड धारक तथा जीरो पॉवर्टी सूची में शामिल परिवारों की महिलाओं को प्राथमिकता दी जाएगी।
अभियान का शुभारंभ विकास खंड तरकुलवा की ग्राम पंचायत तवकलपुर में मुख्य विकास अधिकारी राजेश कुमार सिंह के निर्देशन में किया गया। परियोजना निदेशक अनिल कुमार ने जन-जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया और बताया कि मार्च 2026 तक अभियान जिले की सभी ग्राम पंचायतों में चलाया जाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित