देवरिया , फरवरी 27 -- उत्तर प्रदेश में देवरिया की जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) शालिनी श्रीवास्तव को शासन ने शुक्रवार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर विभागीय जांच के आदेश दिए हैं। आधिकारिक प्रवक्ता के अनुसार, शिक्षक कृष्ण मोहन सिंह आत्महत्या प्रकरण में जिलाधिकारी दिव्या मित्तल ने 23 फरवरी को शासन को बीएसए के निलंबन की संस्तुति की थी। इसके बाद शासन ने कार्रवाई करते हुए उन्हें निलंबित कर उनके विरुद्ध विभागीय अनुशासनिक कार्यवाही संस्थित करने के निर्देश जारी किए।
प्रवक्ता ने बताया कि उत्तर प्रदेश शासन, बेसिक शिक्षा अनुभाग-1 द्वारा जारी आदेश में उच्च न्यायालय के निर्देशों के अनुपालन में शिथिलता तथा लगभग एक वर्ष तक प्रभावी कार्रवाई न किए जाने के आरोप प्रथम दृष्टया सिद्ध पाए गए हैं। शासन ने इसे शासकीय दायित्वों के निर्वहन में उदासीनता एवं लापरवाही मानते हुए गंभीर कदाचार की श्रेणी में रखा है।
शासनादेश के तहत उन्हें उत्तर प्रदेश सरकारी सेवक (अनुशासन एवं अपील) नियमावली-1999 के नियम-4 के अंतर्गत निलंबित किया गया है तथा नियम-7 के तहत विभागीय जांच संस्थित की गई है। जांच की निष्पक्षता सुनिश्चित करने के लिए संयुक्त शिक्षा निदेशक, गोरखपुर मंडल को जांच अधिकारी नामित किया गया है। निलंबन अवधि में उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता देय होगा तथा उनका संबद्धीकरण शिक्षा निदेशक (बेसिक), उत्तर प्रदेश, लखनऊ कार्यालय से किया गया है।
शासन ने यह भी निर्देश दिया है कि नियमित तैनाती होने तक प्राचार्य, डायट (देवरिया) को जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है, जिससे शैक्षिक एवं प्रशासनिक कार्य बाधित न हों।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित