देहरादून , अक्टूबर 27 -- उत्तराखंड राज्य स्थापना के बीते पच्चीस वर्षों में यहां की महिलाओं ने क्या उपलब्धियां हासिल की, उनके सामने अभी भी क्या चुनौतियां हैं और भविष्य का विकसित भारत बनाने में उनकी क्या भूमिका होगी, इस पर मंथन के लिए एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।

इस संदर्भ में सोमवार को राज्य की महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्या ने तैयारियों की समीक्षा की। अपने यमुना कॉलोनी स्थित शिविर कार्यालय में विभागीय अधिकारियों की बैठक के बाद उन्होंने संवाददाताओं को बताया कि यह आयोजन आगामी आठ नवंबर को हल्द्वानी के गौलापार स्टेडियम में आयोजित किया जाएगा।

श्रीमती आर्या ने बताया कि कार्यक्रम के दो हिस्से होंगे। पहले में टॉक शो, ग्रुप डिस्कशन और महिलाओं के लिए भविष्य के विजन पर चर्चा होगी। जबकि दूसरे में झौड़ा, सांस्कृतिक नृत्य, गायन जैसे कार्यक्रम होंगे। उन्होंने बताया कि आयोजन में शामिल होने वाली हजारों महिलाएं अपने-अपने पारंपरिक परिधान में सुसज्जित होकर आएंगी। उन्होंने बताया कि इस अवसर पर विभिन्न क्षेत्रों में विशिष्ट काम करने वाली महिलाओं से विचार विमर्श कर एक विजन डॉक्युमेंट तैयार करने की योजना है। कार्यक्रम में विशेष कार्य करने वाली महिलाओं को सम्मानित भी किया जाएगा। उन्होंने विभागीय अधिकारियों को कार्यक्रम की तैयारी को अंतिम रूप देने के निर्देश दिए।

बैठक में महिला सशक्तिकरण विभाग के निदेशक बंसीलाल राणा, उपनिदेशक विक्रम सिंह, अनुसचिव प्रभा आर्या, मोहित चौधरी, नीतू फुलेरा आदि उपस्थित रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित