मुंबई , अक्टूबर 25 -- महाराष्ट्र के राज्यपाल आचार्य देवब्रत ने बर्जिस देसाई द्वारा रचित 'मोदी मिशन' पुस्तक का लोकार्पण करते हुए कहा है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 'कई जटिल राष्ट्रीय मुद्दों को शांतिपूर्वक और बिना किसी विवाद के सुलझाया है' और उनके नेतृत्व ने 'दुनियाभर में भारत और भारतीयों का मान बढ़ाया है।'मुंबई के राजभवन में शुक्रवार को आयोजित एक समारोह में 'मोदी मिशन' पुस्तक का लोकार्पण किया गया, जिसमें प्रधानमंत्री के जीवन, आदर्शों और परिवर्तनकारी नेतृत्व की चर्चा की गई।

इस लोकार्पण समारोह में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और कई अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।

प्रख्यात वकील और लेखक बर्जिस देसाई द्वारा लिखित यह पुस्तक श्री मोदी के जीवन को 'एक विचार की कहानी', राष्ट्रीय पुनर्जागरण और आत्मनिर्भर भारत के विचार के रूप में चित्रित करती है। लेखक देसाई प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व को एक विकसित भारत के विकास के उद्देश्य से एक मिशन के रूप में वर्णित करते हैं।

यह पुस्तक श्री मोदी के जमीनी नेतृत्व से लेकर वैश्विक राजनेता बनने तक के सफर को प्रस्तुत करती है और उन नीतियों और सिद्धांतों का विश्लेषण करती है जिन्होंने एक विकसित और आत्मनिर्भर भारत के उनके लक्ष्य को परिभाषित किया है।

राज्यपाल देवब्रत ने संबोधन में कहा, "जो व्यक्ति विपरीत परिस्थितियों में भी अपना रास्ता खुद बनाता है वह वास्तव में महान होता है। मोदी जी ने ठीक वैसा ही किया है।" उन्होंने कहा कि जटिल राष्ट्रीय मुद्दों को 'शांति और बिना किसी विवाद के' सुलझाने की मोदी की क्षमता ने 'दुनियाभर में भारत और भारतीयों का मान' को बढ़ाया है।

लेखक देसाई ने कहा कि प्रधानमंत्री ने अपने दृढ़ संकल्प और उद्देश्य के साथ शुरुआती पूर्वाग्रहों और झूठी धारणाओं पर विजय प्राप्त की। यह पुस्तक अनुच्छेद 370 को निरस्त करने, अर्थव्यवस्था को सुधारने, वस्तु एवं सेवार कर (जीएसटी) को लागू करने, विमुद्रीकरण और पारदर्शी शासन की दिशा में किए गए प्रयासों सहित प्रमुख नीतिगत निर्णयों का विश्लेषणात्मक विवरण प्रस्तुत करती है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित