देवप्रयाग , अप्रैल 06 -- उत्तराखंड में देवप्रयाग थाना क्षेत्र के शिवमूर्ति के पास सोमवार तड़के एक ट्रक दुर्घटनाग्रस्त हो गया, जिसके कारण चालक गंभीर रूप से घायल हो गया।

पुलिस ने बताया कि सुबह करीब छह बजे डायल 112 के माध्यम से सूचना मिली कि शिवमूर्ति के पास एक ट्रक दुर्घटनाग्रस्त हो गया है। सूचना मिलते ही थाना देवप्रयाग से प्रभारी निरीक्षक प्रशान्त बहुगुणा, उपनिरीक्षक राकेश बिष्ट, कांस्टेबल गौरव कुमार और कांस्टेबल पिंटू आपदा राहत उपकरणों के साथ मौके पर पहुंचे। साथ ही चौकी तीनधारा पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची।

जांच में पाया गया कि एचआर37एफ-1274 नंबर का बल्कर ट्रक हरिद्वार के भगवानपुर क्षेत्र से सीमेंट लेकर सुमेरपुर, रुद्रप्रयाग की ओर जा रहा था। शिवमूर्ति के सामने राष्ट्रीय राजमार्ग-07 पर अचानक ब्रेक फेल होने के कारण ट्रक आगे चल रहे दूसरे ट्रक से जा टकराया।

टक्कर के बाद चालक फैजल खान (30 वर्ष)ट्रक के केबिन में बुरी तरह फंस गया। मौके पर मौजूद अन्य वाहन चालकों और पुलिस टीम ने सब्बल, गैंती तथा कटर जैसे उपकरणों की सहायता से कड़ी मशक्कत के बाद उसे बाहर निकाला।

घायल चालक के पैर में गंभीर चोटें आई हैं। उसे तत्काल 108 एंबुलेंस के माध्यम से अस्पताल बागी, देवप्रयाग भेजा गया, जहां उसका उपचार जारी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित