जयपुर , अक्टूबर 02 -- राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी कैरिबियन देश बारबाडोस में हो रहे 68वें राष्ट्रमंडल संसदीय सम्मेलन में राजस्थान का प्रतिनिधित्व करेंगे।
आधिकारिक सूत्रों के अनुसार श्री देवनानी सम्मेलन में भाग लेने के लिए गुरुवार को जयपुर से नई दिल्ली के लिए रवाना हुए जहां से वह शुक्रवार को प्रातः बारबाडोस के लिए रवाना होंगे। वह बारबाडोस में 5 से 12 अक्टूबर तक आयोजित होने वाले 68वें राष्ट्रमंडल संसदीय सम्मेलन में भारतीय दल में राजस्थान विधानमंडल का प्रतिनिधित्व करेंगे।
श्री देवनानी सम्मेलन में लोकतंत्र और संसदीय व्यवस्थाओं की मजबूती पर पत्र वाचन करेंगे और राजस्थान विधानसभा में किए गए नवाचारों की भी जानकारी इस विश्व स्तरीय सम्मेलन में देंगे। श्री देवनानी लंदन में राष्ट्रमंडल संसदीय संघ के मुख्यालय का दौरा भी करेंगे। श्री देवनानी मुख्यालय के अधिकारी से विचार विमर्श करेंगे और लंदन में भारतीय समुदाय एवं सामाजिक संगठनों से मिलेंगे। श्री देवनानी के साथ प्रमुख सचिव भारत भूषण शर्मा भी गए हैं।
श्री देवनानी ने यात्रा पर रवाना होने से पहले राज्यपाल हरिभाऊ किसनराव बागडे और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा से मुलाकात की और उन्होंने दशहरे की शुभकामनाएं दी। उन्होंने राज्यपाल और मुख्यमंत्री को राष्ट्रमंडल संसदीय संघ के 68वे सम्मेलन की जानकारी दी। श्री देवनानी ने राज्यपाल से राज्य की उच्च शिक्षा से संबंधित विभिन्न विषयों पर भी बातचीत की। उन्होंने मुख्यमंत्री से राज्य के विभिन्न विषयों और संसदीय संघ सम्मेलन के बारे में चर्चा की।
श्री बागडे और श्री शर्मा ने श्री देवनानी को सम्मेलन में भाग लेने के लिए शुभकामनाएं दी। राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने कहा कि यह सम्मेलन भारत ही नहीं, राजस्थान विधानसभा की गौरवमयी परंपराओं और लोकतांत्रिक उपलब्धियों को वैश्विक स्तर पर साझा करने का महत्वपूर्ण अवसर है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित