जयपुर , मार्च 31 -- राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने मंगलवार को केंद्रीय संस्कृति और पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत और केन्द्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया से मुलाकात की और अजमेर के पर्यटन विकास कार्यों तथा अन्य विषयों पर चर्चा की।
श्री देवनानी ने नयी दिल्ली में इन दोनों केन्द्रीय मंत्रियों से मुलाकात की जो उनकी शिष्टाचार भेंट थी। इस दौरान उन्होंने श्री शेखावत के साथ अजमेर के ऐतिहासिक तारागढ़ किला और वरुण सागर को पर्यटन की दृष्टि से विकसित करने के सम्बन्ध में चर्चा की और इसके लिए यथोचित केन्द्रीय सहयोग प्रदान कराने का आग्रह किया ।
श्री देवनानी ने बताया कि सम्राट पृथ्वीराज चौहान से जुड़े ऐतिहासिक तारागढ़ किला के विकास के लिए राजस्थान सरकार ने भी अपने बजट में वित्तीय प्रावधान की घोषणा की है। ऐतिहासिक तारागढ़ किला को पर्यटन की दृष्टि से विकसित करने की इस महत्वाकांक्षी योजना को पूरा करने के लिए केन्द्रीय सहायता की महती आवश्यकता है। इसी प्रकार अजमेर के वरुणसागर जिसका पूर्व में नाम फाय सागर था,को भी पर्यटन की दृष्टि से आकर्षण बनाने के लिए कार्य किया जा रहा है तथा यहां शीघ्र वरुण देवता की अष्ट धातु की एक मूर्ति भी स्थापित की जायेगी।
उन्होंने बताया कि अजमेर में अंग्रेज़ी और औपनिवेशिक काल की गुलामी के प्रतीक कई नामों को बदला गया है। इसी क्रम में फाय सागर का नाम भी परिवर्तित कर जल के देवता वरुण सागर के नाम पर रखा गया है । उन्होंने बताया कि वरुण सागर को एक आकर्षक पर्यटन स्थल बनाने के प्रयास किए जा रहें है ।
इस दौरान श्री शेखावत ने श्री देवनानी का आश्वस्त किया कि ऐतिहासिक तारागढ़ क़िला और वरुण सागर सहित अजमेर के अन्य पर्यटन स्थलों के विकास का विस्तृत प्रोजेक्ट बनवा कर केन्द्र सरकार से समुचित केन्द्रीय सहायता दिलाने का पूरा प्रयास किया जाएगा ।
श्री देवनानी ने श्री सिंधिया से अजमेर में बीएसएनएल और डॉक घर कार्यालय के पास की सड़क को चौड़ी करने सम्बन्धी विषय पर चर्चा की और बताया कि अजमेर में जाम की समस्या को दूर करने तथा सुचारू यातायात व्यवस्था सुनिश्चित कराने के लिए इन कार्यालय के पास की सड़क को चौड़ी करना आवश्यक है । जनहित में इन कार्यालयों की भूमि की आवश्यकता है। क्योंकि नए एलिवेटेड रोड और आगरा फोर्ट गेट के पास प्रायः दुर्घटनाए होती है । उन्होंने श्री सिन्धिया से इस लम्बित विषय का शीघ्र निराकरण करने के लिए सम्बंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी करने का अनुरोध किया।
इस पर श्री सिंधिया ने श्री देवनानी को आश्वस्त किया कि वह इस सम्बन्ध में शीघ्र ही अपेक्षित कार्यवाही सुनिश्चित करायेंगे। इस अवसर पर श्री देवनानी ने दोनों केन्द्रीय मंत्रियों को विधानसभा सचिवालय द्वारा प्रकाशित "संसदीय संस्कृति का उत्कर्ष-नवाचारों के दो वर्ष " और विधानसभा की दैनंदिनी के साथ ही अपनी लिखित पुस्तक "सनातन संस्कृति की अटल दृष्टि" पुस्तक भेंट की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित