रांची , नवम्बर 18 -- झारखंड के देवघर जिले में पुलिस ने साइबर अपराध के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए देवीपुर थाना क्षेत्र से 8 साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है।

यह कार्रवाई देवघर के पुलिस अधीक्षक सौरभ कुमार के निर्देशन में साइबर डीएसपी राजा मित्रा के नेतृत्व में की गई।

पूछताछ में अपराधियों ने बताया कि फर्जी बैंक अधिकारी, कृषि पदाधिकारी, कस्टमर केयर प्रतिनिधि, क्रेडिट कार्ड अधिकारी और एचपी गैस पदाधिकारी बनकर लोगों से ठगी किया करते थे। पुलिस ने मौके से 8 मोबाइल फोन और 12 सिम कार्ड बरामद किए हैं।

देवघर पुलिस की साइबर अपराध पर यह लगातार जारी कार्रवाई राज्य में सबसे प्रभावी मानी जा रही है। प्रतिबिंब ऐप की शुरुआत 20 नवंबर 2023 से हुई थी, और तब से अब तक पूरे राज्य में सबसे अधिक 1382 साइबर अपराधियों की गिरफ्तारी देवघर जिले में की गई है। इस अवधि में 1961 मोबाइल फोन और 3807 सिम जब्त हुए हैं, जिनमें से 500 सिम प्रतिबिंब ऐप के जरिए ट्रैक किए गए थे।

पुलिस सूत्रों के अनुसार वर्ष 2025 में अब तक देवघर में कुल 681 साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया गया है, साथ ही 838 मोबाइल फोन, 1076 सिम और प्रतिबिंब ऐप आधारित 250 सिम जब्त किए गए हैं। पुलिस का कहना है कि साइबर अपराध के खिलाफ यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित