देवघर के बाबुड़ीह में ग्रामीणों-पुलिस झड़प के बाद पहुंचे मरांडी सरकार को दी चेतावनीरांची , फरवरी 12 -- झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी गोड्डा प्रवास के दौरान देवघर जिले के जसीडीह थाना क्षेत्र के बाबुड़ीह गांव पहुंचे।

यहां जमीन अधिग्रहण को लेकर पुलिस और स्थानीय ग्रामीणों के बीच झड़प हो गई थी, जिससे कुछ समय के लिए इलाके में तनावपूर्ण माहौल बन गया।

जानकारी के अनुसार, प्रशासन द्वारा जमीन को औद्योगिक उपयोग के लिए अधिग्रहित करने की प्रक्रिया चल रही थी। इसी दौरान कुछ ग्रामीणों ने इसका विरोध किया, जिसके बाद स्थिति बिगड़ गई।

इस संबंध में देवघर के अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) रवि कुमार ने बताया कि संबंधित जमीन का अधिग्रहण वर्ष 1977 में ही सरकार द्वारा किया जा चुका है।

श्री मरांडी ने मौके पर पहुंचकर स्थानीय ग्रामीणों से घटना की पूरी जानकारी ली। उन्होंने कहा कि यदि सरकार इस तरह की कार्रवाई नहीं रोकती है तो वे ग्रामीणों के साथ जमीन पर धरना देंगे। उन्होंने कहा, "फिर देखते हैं सरकार कितना बुलडोजर चलाती है और कितनी गोली चलती है।"श्री मरांडी ने कहा कि यह जमीन आदिवासियों की है और खेती योग्य भूमि है, जिसे किसी भी हाल में वापस दिलाया जाएगा। मौके पर ही उन्होंने देवघर के उपायुक्त (डीसी) को दूरभाष पर निर्देश देते हुए खेती योग्य भूमि पर बुलडोजर चलाने की कार्रवाई रोकने को कहा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित