इंदौर , जनवरी 11 -- मध्यप्रदेश विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने इंदौर के भगीरथपुरा क्षेत्र में दूषित पानी से हुई मौतों और बीमारियों को लेकर भारतीय जनता पार्टी पर कड़ा हमला बोला है। उन्होंने सवाल किया कि दूषित पानी के कारण जिन 21 लोगों की जान गई, क्या वे हिंदू नहीं थे और अस्पतालों में गंदे पानी से बीमार पड़े हजारों लोग क्या हिंदू नहीं हैं।

श्री सिंघार ने कहा कि भाजपा बांग्लादेशी हिंदुओं की चिंता का दिखावा करती है, लेकिन अपने ही देश और मध्यप्रदेश में रहने वाले हिंदुओं की जिंदगी से खिलवाड़ कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने में सरकार पूरी तरह विफल साबित हुई है, जिसका खामियाजा आम जनता को अपनी जान और स्वास्थ्य से चुकाना पड़ रहा है।

नेता प्रतिपक्ष ने इंदौर की जनता से अपील करते हुए कहा कि लोग अपने घरों के पानी का पहले वॉटर ऑडिट कराएं और उसके बाद ही पानी का उपयोग करें। उन्होंने कहा कि जब तक शुद्ध पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित नहीं होती, तब तक किसी भी प्रकार का टैक्स न दिया जाए। श्री सिंघार ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि धर्म से पहले जीवन और जवाबदेही का महत्व है और सरकार को इस गंभीर मुद्दे पर तत्काल ठोस कदम उठाने चाहिए।

नेता प्रतिपक्ष सहित कांग्रेस नेताओं ने दूषित पानी से हुई मौतों को लेकर इंदौर में रैली निकालकर प्रदेश की भाजपा सरकार पर निशाना साधा। इस दौरान पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा, सचिन यादव सहित प्रदेश कांग्रेस के अनेका नेता उपस्थित रहें।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित