अलवर , अप्रैल 24 -- राजस्थान में अलवर जिले के गोविंदगढ़ थाना क्षेत्र में शादी से ठीक तीन दिन पहले बदमाशों ने दूल्हे का अपहरण कर लिया, लेकिन पुलिस की घेराबंदी को देख दूल्हे छोड़कर भाग गये।

प्राप्त जानकारी के अनुसार बदमाश युवक को धोलागढ़ थाना क्षेत्र में छोड़कर फरार हो गए। युवक ने पुलिस को बताया कि अपहरणकर्ताओं ने उसे डराने-धमकाने के बाद छोड़ दिया। युवक ने जान बचाने के लिए उनसे कहा कि वह शादी नहीं करेगा और बारात लेकर नहीं आएगा।

बताया जा रहा है कि गुरुवार की शाम करीब छह हथियारबंद बदमाशों ने गोविंदगढ़ रेलवे फाटक पार करते ही युवक महेश को उसके घर से महज 100 मीटर पहले बदमाशों ने उसकी गाड़ी सहित अगवा कर लिया और बाद में झाडला गांव के जंगल में छोड़कर फरार हो गए।

पुलिस ने युवक का मेडिकल करवाकर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि युवक के बयान के आधार पर जांच की जा रही है। लड़के की शादी उत्तरप्रदेश के आगरा जिले में होना तय हुआ थी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित