धार , मार्च 02 -- मध्यप्रदेश के धार जिले में 36 वर्षीय महिला से दुष्कर्म का मामला सामने आया है।

आरोपी ने पीडिता को शादी करने का झांसा देकर कमरे में बंद कर घटना को अंजाम दिया था। जब पीड़िता ने इसका विरोध किया, तो आरोपी ने उसके साथ मारपीट की और पैसों की मांग करते हुए गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी भी दी। मामले की जांच में जुटी पुलिस टीम ने आरोपी सावन पिता बलवंत चौहान निवासी ग्राम नजरपुर जिला खरगोन को गिरफ्तार कर लिया है।

धामनोद पुलिस सूत्रों ने महिला के हवाले से बताया कि 11 नवंबर 2025 को आरोपी ने शादी करने का झांसा दिया व कमरे पर ले जाकर दुष्कर्म किया था। महिला शादी-शुदा हैं, इसके बावजूद आरोपी अपहरण कर जान से मारने की धमकी देकर परेशान करने लगा। दुष्कर्म की बात दूसरों को बताने के एवज में आरोपी ने मारपीट कर रुपयों की मांग भी की थी।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक मयंक अवस्थी एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विजय डावर के निर्देशन में एक विशेष टीम का गठन किया गया। एसडीओपी मोनिका सिंह के मार्गदर्शन और थाना प्रभारी निरीक्षक प्रवीण ठाकरे के नेतृत्व में टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपी की तलाश शुरू की। लगातार प्रयासों और संदिग्ध ठिकानों पर दबिश के बाद पुलिस ने आरोपी को धर दबोचा।

पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित