भीलवाड़ा , फरवरी 24 -- राजस्थान में भीलवाड़ा गुलाबपुरा थाना क्षेत्र में मंगलवार को बोलेरो और एक कार की टक्कर से मादक पदार्थ की तस्करी का खुलासा हुआ।

थाना प्रभारी संजय गुर्जर ने बताया कि हुरड़ा रोड पर एक अल्टो कार और बोलेरो के बीच टक्कर हो गयी। टक्कर से दोनों वाहन क्षतिग्रस्त हो गये। जब पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त वाहनों की जांच की, तो अल्टो कार के भीतर अवैध डोडा-चूरा से भरे तीन कट्टे बरामद हुए।

उन्होंने बताया कि डोडा-चूरा का वजन करवाया गया तो वह 44 किलो 900 ग्राम पाया गया। पुलिस ने जब मौके से लावारिस हालत में मिली अल्टो कार के नंबरों के आधार पर जांच पड़ताल की, तो पता चला कि वाहन किसी महेंद्र का है। दुर्घटना के बाद पकड़े जाने के डर से वह नशे की खेप छोडक़र मौके से भाग छूटा।

उधर, बोलेरो में सवार उमाशंकर (58) घायल हो गये, जिन्हें गुलाबपुरा में प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल भेज दिया गया। पुलिस ने अवैध डोडा-चूरा और दुर्घटनाग्रस्त कार को जब्त करके आरोपी कार मालिक और चालक की तलाश शुरू कर दी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित