दुर्ग , फरवरी 07 -- छत्तीसगढ़ के दुर्ग में शनिवार को ग्राम फुलझर के पास हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार यह घटना आज शाम करीब चार बजे हुयी। ग्राम फुलझर स्थित बोल बम धनांश इंजीनियरिंग स्टील कंपनी के पास राष्ट्रीय राजमार्ग से दो किमी अंदर यह दुर्घटना घटी।
उन्होंने बताया कि ग्राम थनौद (दुर्ग) निवासी सूरज यादव (24) अपनी मोटरसाइकिल पर चार बच्चों को बैठाकर ग्राम थनौद से मड़ई देखने के बाद ग्राम जराही जा रहे थे। इसी दौरान उनकी बाइक आगे चल रहे माजदा ट्रक के पीछे जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक चालक सूरज यादव और दो अन्य बच्चों की घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गई। वहीं राहुल यादव (11) और ईशान यादव (08) गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए दुर्ग के अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस ने बताया कि घटनास्थल पर क्षतिग्रस्त मोटरसाइकिल के पास शराब की बोतलें भी मिली हैं, जिससे नशे में वाहन चलाने की आशंका जताई जा रही है। साथ ही एक बाइक पर पांच लोगों का सवार होना भी दुर्घटना का बड़ा कारण बना। पुलिस ने माजदा ट्रक को जब्त कर लिया है और ट्रक चालक के खिलाफ वैधानिक कार्यवाही की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित