दुर्ग , अप्रैल 07 -- छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में अफ्रीकन स्वाइन फीवर का प्रकोप सामने आने से पशुपालन विभाग और प्रशासन सतर्क हो गया है। जिले के नारधा-मुड़पार क्षेत्र स्थित एक सूअर पालन केंद्र में इस संक्रमण के कारण बड़ी संख्या में सूअरों की मौत दर्ज की गई है।
आधिकारिक जानकारी के अनुसार, संक्रमित फार्म में करीब 200 से अधिक सूअरों की मौत हो चुकी है। संक्रमण की पुष्टि होने के बाद एहतियातन शेष लगभग 150 सूअरों को भी समाप्त कर दिया गया। विभागीय टीम ने सभी मृत और संक्रमित पशुओं को निर्धारित वैज्ञानिक प्रक्रिया के तहत दफनाया।
बताया गया कि 29 मार्च को संदिग्ध स्थिति को देखते हुए सैंपल जांच के लिए भेजे गए थे। इसके बाद 1 अप्रैल से लगातार सूअरों की मौत शुरू हुई और 6 अप्रैल तक अधिकांश पशु मर चुके थे। रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद पशुपालन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर पूरे परिसर को खाली कर सील करने की कार्रवाई की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित