दुर्ग , नवंबर 15 -- ) छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में धान खरीदी का नया सीज़न शनिवार से आधिकारिक रूप से शुरू हो रहा है लेकिन खरीदी केंद्रों की अधूरी तैयारियों और कर्मचारियों की हड़ताल के मद्देनजर प्रशासन की चुनौतियाँ बढ़ गयी हैं और इसके लिए वैकल्पिक इंतजाम किये गये हैं।
जिले के 118 धान खरीदी केंद्रों में इस वर्ष 1,08,727 पंजीकृत किसान अपना धान बेचेंगे। खरीदी के पहले दिन 116 किसान कुल 6,678 क्विंटल धान की बिक्री करेंगे।
इधर, धान खरीदी केंद्रों के कर्मचारियों की हड़ताल अभी भी जारी है, जिससे खरीदी प्रक्रिया प्रभावित होने की आशंका बनी हुई है। हालांकि जिला प्रशासन ने खरीदी को सुचारू रखने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था तैयार की है और अधिकारियों को मैदान में उतारा गया है ताकि किसानों को किसी भी प्रकार की परेशानी न हो।
प्रशासन का कहना है कि सभी केंद्रों में निगरानी बढ़ा दी गई है और किसानों को समय पर टोकन और सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए विशेष निर्देश जारी किए गए हैं।
धान खरीदी शुरू होने के साथ किसानों की निगाहें अब केंद्रों की व्यवस्थाओं और खरीदी प्रक्रिया की रफ्तार पर टिकी हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित