दुर्ग , नवंबर 15 -- छत्तीसगढ प्रदेश सरकार के आव्हान के बाद दुर्ग जिले मे आनन फानन में शनिवार से धान खरीदी शुरू हो गई है।

धान खरीदी केंद्रों के नियमित कर्मचारी हड़ताल पर है। ऐसे में प्रशासन ने वैकल्पिक कर्मचारियों की डयूटी लगाते हुए धान खरीदी शुरू की है। जिले में अब तक केवल 116 किसानों ने ही 6678 क्विंटल धान बेचने के लिए टोकन लिया है। जिले में इस वर्ष 1,08,727 किसानों ने धान बेचने के लिए पंजीयन कराया है, जिनमें 4,806 नए किसान शामिल हैं जो पहली बार समर्थन मूल्य पर धान बेचेंगे।

पिछले साल 102 केंद्रों में खरीदी हुई थी, जबकि इस बार 118 केंद्रों में व्यवस्था की गई है। टोकन वितरण नौ नवंबर से शुरू होना था, लेकिन सॉफ्टवेयर अपडेट न होने से प्रक्रिया में देरी हुई। टोकन तुंहर द्वार एप भी सुचारू रूप से काम नहीं कर रहा, जिससे किसानों को परेशानी हो रही है। बहुत से खरीदी केंद्रों में अब तक बारदाना भी नहीं पहुंचा है ऐसे में खरीदी को लेकर संशय और भी गहरा गया है।

धान खरीदी केंद्रों के कर्मचारी अब भी हड़ताल पर डटे हुए हैं। बार-बार नोटिस भेजने और मनाने की कोशिशों के बावजूद वह काम पर वापस नहीं लौटे हैं। ऐसे में 34 खरीदी केंद्रों में एक साथ खरीदी शुरू करना जिला प्रशासन के लिए एक बड़ी चुनौती बन गया है। कर्मचारी शासन की चेतावनी के बाद भी हड़ताल में डटे हुए है और ये स्पष्ट कर दिया है कि जब तक सरकार इनकी मांगो की ओर ध्यान नही देगी तब तक आंदोलन जारी रहेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित