दुमका , फरवरी 18 -- झारखंड के दुमका जिले के तालझारी थाना क्षेत्र के बैद्यनाथपुर गांव में शारीरिक संबंध बनाने का विरोध करने पर एक विवाहिता की हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
पुलिस अधीक्षक पीताम्बर सिंह खैरवार ने बुधवार को बताया कि 14 फरवरी को तालझारी थाना क्षेत्र के वैद्यनाथपुर गांव में एक 20 वर्षीय महिला का शव बरामद होने की सूचना मिली थी। इस संबंध में गांव के सुरेन्द्र मुर्मू के फर्दबयान के आधार पर उनके छोटे भाई की पत्नी रुपाली बास्की की अज्ञात अपराधियों द्वारा हत्या किए जाने के आरोप में तालझारी थाना कांड संख्या-08/2026, दिनांक 14.02.2026, धारा 103(1)/238 बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, जरमुण्डी के नेतृत्व में विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया। एसआईटी टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तकनीकी एवं मानवीय साक्ष्यों के आधार पर मामले का उद्भेदन कर घटना में संलिप्त शंकर मरांडी (35 वर्ष), पिता स्वर्गीय किरानी मरांडी, ग्राम-बैजनाथपुर, थाना-तालझारी, जिला-दुमका को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार अभियुक्त ने पूछताछ के दौरान अपना अपराध स्वीकार कर लिया है। उसकी निशानदेही पर मृतका का रेडमी कंपनी का स्मार्टफोन तथा घटना के समय पहना गया खून लगा नीले रंग का जींस जैकेट बरामद कर विधिवत जब्त किया गया है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार हत्या का कारण जबरन शारीरिक संबंध बनाने का प्रयास था। मृतका द्वारा विरोध करने पर आरोपी ने उसकी हत्या कर दी।
पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित