दुमका, 23 नवम्बर (वार्ता) झारखंड के दुमका जिले के हंसडीहा थाना क्षेत्र के बरदेही गांव से पुलिस ने एक ही परिवार के चार लोगों का शव बरामद किया है।

इसमें पति-पत्नी और उसके दो बच्चे शामिल है। इस दिल दहलाने वाली घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच कर मामले की जांच में जुटी गई है। मृतकों की पहचान हंसडीहा थाना क्षेत्र के बरदेही गांव निवासी 32 वर्षीय बीरेंद्र कुमार पति, 27 वर्षीय आरती कुमारी पत्नी , 2 वर्षीय पुत्र विराज कुमार और 4 वर्षीय पुत्री रूही कुमारी के रूप में हुई है। घटना दुमका जिला मुख्यालय से लगभग 45 किलोमीटर दूर बरदेही गांव की है। दुमका के पुलिस अधीक्षक पीताम्बर सिंह खैरवार ने घटना की पुष्टि की है।

पुलिस सूत्रों के मुताबिक मृतका आरती कुमारी और दोनों बच्चे का शव घर से बरामद किया गया है। जबकि पति बीरेन्द्र कुमार का शव घर से थोड़ी दूर एक खेत से बरामद किया गया। जिसके गले पर रस्सी के निशान मिले हैं। घटनास्थल पर मौजूद लोगों के मुताबिक बीरेन्द्र दो दिन पहले ही अपनी पत्नी आरती को मायके से घर लाया था।

हंसडीहा थाना क्षेत्र के बरदेही गांव निवासी बीरेंद्र कुमार मछली व्यवसाय कर अपने परिवार का भरण पोषण करता था। वह बीते शुक्रवार को ही वह अपनी पत्नी आरती कुमारी को मायके से अपने घर लाया था। इस बीच आज रविवार की सुबह परिजनों ने पत्नी और दो बच्चे को मृत अवस्था में देखा तो लोगों ने बीरेंद्र कुमार की खोजबीन शुरू की। इसी क्रम में उसका शव घर से थोड़ी दूर एक खेत में मिला। इसके बाद लोगों ने हंसडीहा पुलिस को इसकी सूचना पुलिस को दी।

इस घटना से आसपास के क्षेत्रों में सनसनी फैल गयी। घटना की सूचना मिलते ही हंसडीहा के थाना प्रभारी ताराचंद पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी।

इस मामले में दुमका के पुलिस अधीक्षक पीतांबर सिंह खेरवार ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि हंसडीहा थाना क्षेत्र के बरदेही गांव में एक ही परिवार के दो बच्चों के साथ चार लोगों का शव बरामद होने की सूचना मिली है। इसमें पति, पत्नी और उनके दो बच्चों के शव शामिल है। उन्होंने बताया कि पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंच गयी है और गहन जांच शुरु कर दी गयी है। शीघ्र ही चारों मृतकों की मौत के कारणों का खुलासा कर लिया जायेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित