नयी दिल्ली , अप्रैल 13 -- दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सोमवार को कहा कि देश की तरक्की, विकास और दुनिया में भारत की पहचान बनाने में महिलाओं की अहम भूमिका है।

श्रीमती गुप्ता ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की मौजूदगी में आज यहां आयोजित 'नारी शक्ति वंदन सम्मेलन' में कहा कि देश की तरक्की, विकास और दुनिया में भारत की पहचान बनाने में महिलाओं की अहम भूमिका है। उन्होंने महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए बनाई गई दूरदर्शी नीतियों के लिए प्रधानमंत्री का स्वागत किया और उनका धन्यवाद भी किया।

मुख्यमंत्री ने भारतीय महिलाओं के ऐतिहासिक संघर्ष को रेखांकित करते हुए कहा कि सती प्रथा, बाल विवाह, अशिक्षा और कन्या भ्रूण हत्या जैसी गंभीर सामाजिक चुनौतियों को पार कर आज की नारी ने अपनी विशिष्ट पहचान बनाई है। एक दौर था जब बेटियों के अस्तित्व पर संकट था, लेकिन आज प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश 'बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ' से कहीं आगे बढ़कर 'बेटी बढ़ाओ' के युग में प्रवेश कर चुका है।

उन्होंने वर्ष 2014 के बाद आए बदलावों पर चर्चा करते हुए कहा कि सरकार की हर योजना के केंद्र में महिलाओं की गरिमा और सुरक्षा को रखा गया है। उन्होंने स्वच्छ भारत अभियान के तहत बने शौचालयों, उज्ज्वला योजना से मिली धुआं-मुक्त रसोई और जनधन खातों के जरिए मिली आर्थिक स्वतंत्रता को महिला गरिमा के लिए मील का पत्थर बताया। उन्होंने कहा कि आज देश की बेटियां न केवल शिक्षा और पोषण में आगे हैं, बल्कि सेना में फाइटर जेट उड़ाकर देश की सीमाओं की रक्षा भी कर रही हैं।

उन्होंने 'नारी शक्ति वंदन अधिनियम' को ऐतिहासिक बताते हुए ने कहा कि विधानसभा और संसद में 33 प्रतिशत आरक्षण का प्रावधान केवल विधायी सुधार नहीं, बल्कि निर्णय लेने की प्रक्रिया में महिलाओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने वाला कदम है। यह देश की लगभग 70 करोड़ महिलाओं के लिए सशक्त नेतृत्व का मार्ग प्रशस्त करेगा।

मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम में उपस्थित महिलाओं से इस ऐतिहासिक पहल का समर्थन करने की अपील की। उन्होंने आह्वान किया कि सभी महिलाएं 9667173333 पर मिस्ड कॉल देकर इस अभियान का हिस्सा बनें और 'वूमेन-लेड डेवलपमेंट' (महिला नेतृत्व वाले विकास) के संकल्प को मजबूत करें।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित