गांधीनगर , फरवरी 04 -- गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने बुधवार को भारत-अमेरिका व्यापार समझौते पर कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत और अमेरिका के बीच हुई ट्रेड डील दुनिया के लिए नए भारत की शक्ति का परिचय है।
श्री पटेल ने कहा कि यह डील केवल उद्योग तक ही सीमित नहीं है, बल्कि दो बड़ी अर्थव्यवस्थाओं के नागरिकों के हित में तथा नए अवसरों के सृजन की डील है। उन्होंने कहा कि जब दुनिया के दो सबसे बड़े लोकतंत्र साथ मिलकर आगे बढ़ते हैं, तब सही मायने में विश्व कल्याण की भावना चरितार्थ होती है। इस दिशा में यह व्यापार समझौता भारत-अमेरिका के द्विपक्षीय संबंधों की प्रगति में एक नए अध्याय की शुरुआत भी है।
उन्होंने कहा कि इस समझौते से प्रधानमंत्री के 'मेक इन इंडिया, मेड फॉर द वर्ल्ड' के विजन को और अधिक बल मिलेगा। साथ ही, मेड इन इंडिया उत्पादों पर अमेरिकी टैरिफ के घटकर 18 फीसदी होने से मैन्युफैक्चरिंग, एमएसएमई, निर्यातकों और रोजगार सृजन को उल्लेखनीय प्रोत्साहन मिलेगा। इस व्यापार समझौते से उद्यमियों और स्टार्टअप्स के लिए दुनिया के व्यापक बाजारों के नए द्वार खुलेंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित