ललितपुर , जनवरी 30 -- उत्तर प्रदेश में ललितपुर जिले के सदर कोतवाली क्षेत्र में दुकान की रजिस्ट्री को लेकर हुए विवाद में शुक्रवार को एक युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई।

पुलिस ने बताया कि मोहल्ला छत्रशालपुरा में कृपासागर पटवा (35) की धारदार हथियार से हमला कर हत्या कर दी गई। मृतक का प्रकाश अग्रवाल के साथ दुकान की रजिस्ट्री को लेकर विवाद चल रहा था। शुक्रवार को कृपासागर अपनी पत्नी रजनी के साथ विक्रेता राजेश अग्रवाल के घर रजिस्ट्री कराने की बात करने पहुंचे। आरोप है कि राजेश ने कृपासागर को ऊपर कमरे में ले जाकर विवाद के दौरान उस पर चाकू से हमला कर दिया। शोर सुनकर पत्नी और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और गंभीर रूप से घायल कृपासागर को जिला चिकित्सालय ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

सूचना पर पुलिस अधीक्षक मुहम्मद मुश्ताक पुलिस बल के साथ अस्पताल पहुंचे और परिजनों से घटना की जानकारी ली। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि दुकान की खरीद-फरोख्त को लेकर हुए विवाद में हमला किया गया, जिससे कृपासागर की मृत्यु हुई है। आरोपी राजेश अग्रवाल को गिरफ्तार कर लिया गया है और उसके खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित