वाराणसी , अक्टूबर 19 -- उत्तर प्रदेश के स्टांप एवं पंजीयन शुल्क राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रवीन्द्र जायसवाल ने प्रदेशवासियों और जनपदवासियों को दीपावली के पावन पर्व पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि दीपावली, जिसे दिवाली भी कहा जाता है, भारत के सबसे प्रमुख और महत्वपूर्ण त्योहारों में से एक है। इसे 'प्रकाश का पर्व' भी कहा जाता है। यह त्योहार अंधकार पर प्रकाश, बुराई पर अच्छाई और अज्ञान पर ज्ञान की विजय का प्रतीक है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे सौहार्दपूर्ण वातावरण में इस पर्व को मनाएं और आतिशबाजी के दौरान अपने बच्चों की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखें।

प्रदेश के आयुष एवं खाद्य सुरक्षा राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. दयाशंकर मिश्र 'दयालु' ने भी दीपावली के अवसर पर सभी को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि दीपावली का पर्व बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक है। उन्होंने कामना की कि दीपावली का प्रकाश सभी के जीवन को प्रेम, आनंद और समृद्धि से भर दे। साथ ही, लोगों के घरों में दीपों की जगमगाहट और आशा की लौ उनके जीवन पथ को प्रकाशित करे।

पूर्व मंत्री एवं विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी ने भी दीपावली के पावन पर्व पर सभी को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि यह पर्व मां लक्ष्मी और भगवान गणेश को समर्पित है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, दीपावली पूजन से मां लक्ष्मी की कृपा प्राप्त होती है, जिससे धन-समृद्धि में वृद्धि होती है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ इस पर्व को उत्साहपूर्वक मनाएं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित