भोपाल , दिसंबर 10 -- मध्यप्रदेश भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक हेमंत खण्डेलवाल ने दीपावली महापर्व को यूनेस्को की इन्टेंजिबल कल्चरल हैरिटेज सूची में शामिल किए जाने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे प्रत्येक भारतीय के लिए गर्व का विषय बताया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विकास के साथ अपनी प्राचीन सांस्कृतिक विरासत को भी सहेज रहा है और भारतीय संस्कृति के वैश्विक सम्मान का यह एक ऐतिहासिक क्षण है।
श्री खण्डेलवाल ने कहा कि भारत उत्सवधर्मी सभ्यता वाला देश रहा है और दीपावली इस सभ्यता की आत्मा है। यूनेस्को द्वारा इस पर्व को सांस्कृतिक धरोहर के रूप में मान्यता देना भारत तथा विश्वभर में बसे सनातन समाज के लिए अत्यंत गौरवपूर्ण है। उन्होंने कहा कि दीपावली उत्सव, उल्लास और आध्यात्मिक प्रकाश का पर्व है, जो हमारी शाश्वत परंपराओं और संस्कृति का प्रतीक है। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार का उद्देश्य विकास के साथ विरासत को भी सुरक्षित और उजागर करना है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने 2014 में पदभार संभालने के बाद से भारतीय संस्कृति और विरासत के संरक्षण के लिए अनेक महत्वपूर्ण कार्य किए। केदारनाथ और बद्रीनाथ धाम, चारधाम यात्रा मार्ग, काशी विश्वनाथ कॉरिडोर, उज्जैन का महाकाल महालोक, सोमनाथ मंदिर, वैष्णो देवी धाम का विकास और राम वनगमन पथ जैसी योजनाएँ इसी प्रयास का हिस्सा हैं। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के माध्यम से प्रधानमंत्री ने भारतीय संस्कृति को वैश्विक पहचान दिलाई है।
श्री खण्डेलवाल ने कहा कि दीपावली को यूनेस्को सूची में शामिल किया जाना प्रधानमंत्री मोदी के विजन और भारत की सांस्कृतिक समृद्धि का प्रमाण है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को धन्यवाद दिया और देश-प्रदेशवासियों को इस उपलब्धि की बधाई दी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित