उमरिया , अक्टूबर 25 -- मध्यप्रदेश के उमरिया जिले स्थित बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व में दीपावली की छुट्टियों के दौरान पर्यटकों की भारी भीड़ देखने को मिली। यहां 3 हजार से अधिक सैलानियों ने जंगल सफारी कर वन्य प्राणियों के स्वच्छंद विचरण का आनंद लिया।

बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के संचालक अनुपम सहाय ने बताया कि दीपावली के दिन पार्क बंद था, लेकिन 21 अक्टूबर से 24 अक्टूबर की सुबह तक कुल 3,855 पर्यटकों ने पार्क का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने बाघ समेत कई दुर्लभ वन्य प्राणियों को नजदीक से देखा और प्राकृतिक सुंदरता का आनंद उठाया।

सहाय ने बताया कि दीपावली की छुट्टियां मनाने के लिए बड़ी संख्या में पर्यटक बांधवगढ़ पहुंचे, जिससे पर्यटन गतिविधियों में उल्लेखनीय वृद्धि हुई। केवल 24 अक्टूबर की सुबह ही 591 सैलानियों ने जंगल सफारी की। उन्होंने कहा कि पर्यटकों की बढ़ी संख्या से पार्क के कर्मचारियों में भी उत्साह और खुशी का माहौल है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित