सिरसा , अक्टूबर 25 -- भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) दीपक सहारण ने शनिवार को हरियाणा में सिरसा के पुलिस अधीक्षक के पद का कार्यभार संभाल लिया।

कार्यभार ग्रहण करते ही उन्होंने पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों के साथ परिचय बैठक की और जिले की कानून व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, तथा जनसुरक्षा के विभिन्न पहलुओं पर प्राथमिक जानकारी ली।

इससे पहले पुलिस अधीक्षक मंयक गुप्ता ने अपना पदभार छोड़ दिया। रातो-रात सिरसा के पुलिस अधीक्षक गुप्ता को बदले जाने के राज्य सरकार के निर्णय से नगर के बुद्विजीवी वर्ग व पुलिस विभाग के लोग स्तब्ध हैं।

सिरसा पहुंचने पर श्री सहारण का पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय) आदर्शदीप, डीएसपी राजेश कुमार, डीएसपी संजीव बल्हारा और डीएसपी राज सिंह ने गुलदस्ता भेंट कर स्वागत किया।

श्री सहारण 2014 बैच के आई.पी.एस. अधिकारी हैं और पूर्व मे रोहतक , हिसार, झज्जर व फतेहाबाद जिलों में अपनी सेवाएं दे चुके हैं। सिरसा में उनकी नियुक्ति से जिले में कानून व्यवस्था व नशे के खिलाफ और अधिक सुदृढ़ किए जाने की उम्मीद जताई जा रही है।

उन्होंने कहा कि जनता की सुरक्षा, महिला सुरक्षा, साइबर अपराध पर नियंत्रण और नशे के खिलाफ कड़ी कार्रवाई उनकी प्राथमिकताओं में शुमार रहेगी। उन्होंने पुलिस कर्मचारियों को कर्तव्यनिष्ठा और जनसेवा की भावना से कार्य करने का संदेश भी दिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित