कोरबा , मार्च 18 -- छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में एसईसीएल की दीपका खदान में कार्यरत एक युवा श्रमिक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद क्षेत्र में तनाव की स्थिति बन गई है। घटना के विरोध में मृतक के परिजनों और साथी ड्राइवरों ने कलिंगा कंपनी के मुख्य द्वार पर जोरदार प्रदर्शन करते हुए गेट जाम कर दिया, जिससे खदान का कार्य प्रभावित हुआ है।

मृतक की पहचान अण्डीकछार निवासी जुरखन जांगड़े (32) के रूप में हुई है, जो कलिंगा कंपनी में कार्यरत था। जानकारी के अनुसार, वह मंगलवार रात लगभग 9:30 बजे दूसरी पाली में ड्यूटी के लिए खदान पहुंचा था, जहां ड्यूटी के दौरान ही उसकी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई।

घटना के बाद बुधवार सुबह से ही परिजन और साथी आक्रोशित होकर कंपनी के गेट पर धरने पर बैठ गए।

प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि मामले को दबाने के लिए कंपनी से जुड़े कुछ कथित बिचौलिए सक्रिय हो गए हैं और परिवार पर समझौते का दबाव बनाया जा रहा है। परिजनों का कहना है कि उन्हें केवल सांत्वना नहीं, बल्कि अपने अधिकारों की लिखित गारंटी चाहिए।

प्रदर्शनकारियों की प्रमुख मांगों में मृतक के परिवार को उचित आर्थिक मुआवजा, परिवार के एक सदस्य को स्थायी नौकरी, घटना की निष्पक्ष जांच तथा कार्यस्थल पर सुरक्षा मानकों की समीक्षा शामिल है।

दीपका थाना पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है और रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित