नयी दिल्ली, सितंबर 25 -- पंडित दीन दयाल उपाध्याय की जयंती के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अध्यक्ष जेपी नड्डा, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह समेत बड़ी संख्या में भाजपा नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने याद कर पुष्पांजलि अर्पित कर भावभीनी श्रद्धाजंलि दी और युग पुरूष को नमन किया।
प्रधानमंत्री ने गुरुवार को आयोजित कई कार्यक्रमों में 'एकात्म मानववाद' के प्रणेता और 'अंत्योदय' का मंत्र देने वाले पंडित दीन दयाल उपाध्याय को याद कर श्रद्धाजंलि अर्पित की। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक्स पर एक वीडियो पोस्ट कर उनको करोड़ों लोगों का प्रेरणा स्रोत बताया। प्रधानमंत्री श्री मोदी ने अपने पोस्ट पर लिखा, "भारत माता के महान सपूत और एकात्म मानववाद के प्रणेता पंडित दीनदयाल उपाध्याय को उनकी जयंती पर कोटिश: नमन। देश को समृद्धि की राह दिखाने वाले उनके राष्ट्रवादी विचार और अंत्योदय के सिद्धांत विकसित भारत के निर्माण में बहुत काम आने वाले हैं।"प्रधानमंत्री के एक्स पर पोस्ट में एक वीडियो साझा किया जिसमें दीनदयाल उपाध्याय को अंत्योदय, समृदि्ध और उन्नति के पथ ले जाने वाला बताया गया। इस वीडियो में श्री मोदी ने कहा कि आज हमारे जैसे करोड़ों लोग दीनदयाल उपाध्याय का अनुसरण करते हैं, उनको अपना आदर्श मानकर काम करते हैं। उन्होंने कहा कि मेरा अनुभव है कि हम जैसे-जैसे पंडित दीनदयाल के बारे में सोचते हैं, बोलते हैं, सुनते हैं और उनके विचारों को पढ़ने का प्रयास करते हैं, हर बार उनके विचारों में एक नई ताजगी, एक नया दृष्टिकोण एक नवीनता का अनुभव होता है। उनके विचार आज भी उतने ही प्रासंगिक है जितने तब थे और आने वाले समय में उतने ही आवश्यक रहेंगे जितने आज हैं।
श्री मोदी आगे कहते हैं कि दीनदयाल उपाध्याय कहते थे कि देश की प्रगति का पैमाना अंतिम पायदान पर मौजूद व्यक्ति होता है। उन्होंने कहा कि आजादी के अमृत काल में हम पंडित दीनदयाल को जितना जानेंगे उनसे जितना सीखेंगे देश को उतना ही आगे ले जाने की हम सभी को प्रेरणा मिलेगी।
वहीं पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती पर भाजपा मुख्यालय में भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा और केंद्रीय गृहमंत्री ने उनकी प्रतिमा पर माला एवं पुष्प अर्पित कर भावभीनी श्रद्धाजंलि अर्पित की। इस अवसर पर दोनों नेताओं ने पौधरोपण भी किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित