नयी दिल्ली , दिसंबर 03 -- राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने 2025 के लिये राष्ट्रीय दिव्यांगजन सशक्तिकरण पुरस्कार देते हुए बुधवार को कहा कि देश के विकास में दिव्यांगजनों की भागीदारी सुनिश्चित करना सभी हितधारकों का कर्तव्य है। उन्होंने कहा कि यह कोई दान-पुण्य नहीं है।
श्रीमती मुर्मू ने अंतरराष्ट्रीय दिव्यांगजन दिवस के अवसर पर कहा, "दिव्यांगजन समानता के हकदार हैं। समाज और देश की विकास यात्रा में उनकी समान भागीदारी सुनिश्चित करना सभी हितधारकों का कर्तव्य है, न कि कोई दान-पुण्य। दिव्यांगजनों की समान भागीदारी से ही किसी समाज को वास्तविक अर्थों में विकसित माना जा सकता है।"उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय दिव्यांगजन दिवस 2025 का विषय, 'सामाजिक प्रगति को आगे बढ़ाने के लिए दिव्यांगता-समावेशी समाजों को बढ़ावा' भी इसी प्रगतिशील विचार पर आधारित है।
श्रीमती मुर्मू ने इस बात पर खुशी ज़ाहिर की कि हमारा देश कल्याणकारी मानसिकता से आगे बढ़ते हुए, दिव्यांगजनों के लिये अधिकार-आधारित, सम्मान-केंद्रित व्यवस्था अपना रहा है।
उन्होंने कहा कि दिव्यांगजनों का समावेश हमारी राष्ट्रीय विकास यात्रा का एक अभिन्न अंग है। साल 2015 से "दिव्यांगजन" शब्द के प्रयोग का निर्णय दिव्यांगजनों के प्रति विशेष सम्मान प्रदर्शित करने के लिये लिया गया था।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित