चंडीगढ़ , अक्टूबर 21 -- चंडीगढ़ में दिवाली पर पटाखे जलाने के दौरान 36 लोग घायल हुए जिनका जीएमसीएच-32 में उपचार कराया गया।

आधिकारिक जानकारी के अनुसार जीएमसीएच-32 में अब तक 36 घायल मरीज लाये जा चुके हैं। इनमें से 17 लोगों को आंखों में गंभीर चोटें आयी हैं, जबकि 11 मरीजों को अस्पताल में भर्ती किया गया है। बाकी घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गयी।

अस्पताल प्रशासन के अनुसार, डॉक्टरों की विशेष टीम लगातार ड्यूटी पर तैनात है, ताकि किसी भी आपात स्थिति से तुरंत निपटा जा सके। देर रात तक घायलों के आने का सिलसिला जारी रहा। डॉक्टरों ने लोगों से अपील की है कि पटाखे जलाते समय सावधानी बरतें और बच्चों को बड़ों की निगरानी में ही खेलने दें।

बीस अक्टूबर को देशभर में दीपावली का पर्व धूमधाम से मनाया गया। वहीं, आज यानी 21 अक्टूबर को भी कई स्थानों पर दीपावली का उत्सव जारी है। चंडीगढ़ प्रशासन और डॉक्टरों ने लोगों से अपील की है कि सावधानी से त्योहार मनायें, ताकि कोई दुर्घटना न हो।

प्रशासन ने पटाखे चलाने के लिए केवल दो घंटे की अनुमति दी थी, लेकिन कई जगहों पर इस नियम का उल्लंघन देखा गया। नियमानुसार समय से अधिक पटाखे जलाने वालों के चालान भी काटे गये। प्रशासन ने चेतावनी दी है कि सुरक्षा नियमों का पालन न करने पर सख्त कार्रवाई की जायेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित