नयी दिल्ली , दिसंबर 24 -- निजी विमान सेवा कंपनी इंडिगो अगले साल फरवरी में दिल्ली से लंदन के हीथ्रो हवाई अड्डे के लिए उड़ान शुरू करेगी।
एयरलाइन ने बुधवार को बताया कि इस मार्ग पर सेवा 02 फरवरी से शुरू होगी और सप्ताह में पांच दिन उपलब्ध होगी। इसके लिए वह नॉर्स एटलांटिक एयरवेज से वेट/डैम्प लीज पर लिए गये बोइंग 787 विमान का परिचालन करेगी।
इसके साथ ही लंदन के हीथ्रो के लिए उसकी सप्ताह में 12 उड़ानें हो जायेंगी। वह पहले ही मुंबई से हीथ्रो के लिए दैनिक उड़ान का परिचालन कर रही है।
नयी उड़ान दिल्ली हवाई अड्डे से सोमवार, मंगलवार, गुरुवार, शुक्रवार और शनिवार को सुबह 9:40 बजे रवाना होगी। उड़ान की वापसी यात्रा हीथ्रो हवाई अड्डे से शाम 5:15 बजे शुरू होगी। यह सफर 10 घंटे 45 मिनट का होगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित