नयी दिल्ली , फरवरी 23 -- दिल्ली विधानसभा को सोमवार को बम से उड़ाने की धमकी सुरक्षा एजेंसियों की जांच के बाद फर्जी निकली।

अग्निशमन विभाग ने बताया कि दिल्ली विधानसभा को बम से उड़ाने की धमकी वाला ईमेल मिला था। उन्होंने कहा कि करीब बारह बजे बम की सूचना मिलने के बाद अग्निशमन की टीम को मौके पर भेजा गया और जांच में यह फर्जी निकला।

दिल्ली विधानसभा की ओर बताया गया कि विधानसभा के अध्यक्ष विजेन्द्र गुप्ता को भी व्यक्तिगत ईमेल पर सोमवार को बम विस्फोट की धमकी मिली जिसमें दिल्ली विधानसभा को बम से उडाने की बात कही गयी है। मामले की जानकारी संबंधित सुरक्षा विभाग को दी गयी है। उन्होंने कहा कि इस संबंध में अध्यक्ष ने दिल्ली पुलिस आयुक्त को प्राप्त ईमेल की जानकारी देते हुए तुरंत आवश्यक कार्रवाई की मांग की है।

इससे पहले आज धौला कुआं स्थित आर्मी पब्लिक स्कूल और लोधी रोड के एयर फोर्स बाल भारती स्कूल को बम से उड़ाने की धमकी वाले ई-मेल मिलने के बाद स्कूल परिसरों में तलाशी अभियान चलाया गया। दिल्ली पुलिस, बम निरोधक दस्ता, डॉग स्क्वॉड और दिल्ली अग्निशमन सेवा की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं और छात्रों एवं स्टाफ की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए स्कूल परिसरों की गहन जांच की गयी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित