नयी दिल्ली , अप्रैल 06 -- दिल्ली में सोमवार को एक सनसनीखेज़ घटना सामने आयी जब एक शख्स दिल्ली विधानसभा के लोहे के दरवाज़े को अपनी तेज़-रफ्तार कार से तोड़ता हुआ विधानसभा परिसर में घुस गया।
पुलिस के अनुसार, यह घटना अपराह्न करीब दो बजे हुए। आरोपी ने विधानसभा परिसर के द्वार नंबर-2 से प्रवेश किया, विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता की कार के करीब एक फूलों का गुलदस्ता रखा और फिर वहां से फरार हो गया।
उल्लेखनीय है कि यह द्वार वीआईपी प्रवेश के लिए आरक्षित है। आरोपी ने यहां लोहे के दरवाज़े और फाटक दोनों को तोड़ते हुए परिसर में प्रवेश किया। पुलिस ने इसे सुरक्षा में गंभीर चूक माना है।
घटना के बाद बम निरोधक दस्ते और अपराध शाखा की टीमों को घटनास्थल पर उतारा गया, लेकिन कोई भी संदिग्ध वस्तु नहीं मिली।
विशेष पुलिस आयुक्त अनिल शुक्ला (विशेष सेल) और विशेष पुलिस आयुक्त (कानून व्यवस्था) मौके पर मौजूद रहे। परिसर में घुसने वाली गाड़ी की पहचान सफेद टाटा सिएरा एसयूवी के तौर पर हुई है, जिसका पंजीकरण नंबर उत्तर प्रदेश का था।
पुलिस ने बाद में बताया कि गाड़ी सर्बजीत सिंह के नाम पर पंजीकृत है, हालांकि अभी चालक के नाम की पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस ने कहा कि घटना के समय द्वार नंबर-2 और परिसर के अंदर खड़े कर्मियों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस एक रिक्शा वाले से भी पूछताछ कर रही है, जिसने दावा किया है कि अपराह्न 2.15 बजे इसी गाड़ी से उसकी टक्कर हुई थी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित