नयी दिल्ली , मार्च 19 -- दिल्ली पुलिस ने गुरुवार को एक अंतरराज्यीय शराब तस्कर का भंडाफोड करते हुए एक शराब तस्कर को गिरफ्तार किया और राष्ट्रीय राजधानी में लाए जा रहे अवैध शराब के जखीरे को जब्त कर लिया।
पुलिस अधिकारी ने आज यह जानकारी दी। आरोपी की पहचान इंद्रपुरी निवासी 22 वर्षीय मोहम्मद नौशाद के रूप में हुई है। उसके वाहन से शराब के 50 कार्टन बरामद किये है।
द्वारका के पुलिस उपायुक्त कुशल पाल सिंह ने बताया कि तकनीकी निगरानी और खास सूचना पर पुलिस ने नौ मार्च की रात श्याम विहार रोड के पास एक पिकअप वाहन को रोका था लेकिन पुलिस के इशारे पर वाहन चालक ने रुकने के बजाय गाड़ी को ओर तेज भगा दी। इससे पुलिस बल को संदेह हुआ और उन्होंने उसे घेर कर पकड़ लिया। वाहन की तलाशी लेने पर पुलिस ने 50 कार्टन बरामद किए, जिनमें 2,500 क्वार्टर शराब थे। इन पर हरियाणा में बिक्री के लिए लेबल लगा हुआ था, जिससे दिल्ली में अवैध रूप से वितरण किए जाने का संकेत मिलता है। परिवहन के लिए उपयोग किए गए वाहन को शराब के साथ जब्त कर लिया गया है।
डीसीपी ने बताया, "नजफगढ़ पुलिस थाने में दिल्ली आबकारी अधिनियम के संबंधित प्रावधानों के तहत मामला दर्ज किया गया है।" मामला संदिग्ध लगने पर पुलिस ने मामले की जांच की और शराब जब्ती के 10 दिन बाद आज शराब तस्कर को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, द्वारका जिले के 'एंटी ऑटो थेफ्ट स्क्वाड' (एएटीएस) की यह पूरी कार्रवाई नशीले पदार्थों के अवैध धंधे और गैर-कानूनी शराब की बिक्री को रोकने के लिए चल रहे अभियान 'नशा पर लगाम, देश को सलाम' का हिस्सा थी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित