नयी दिल्ली , दिसंबर 09 -- देश का सबसे बड़ा स्ट्रीट फूड फेस्टिवल राष्ट्रीय राजधानी में 12 दिसंबर से जवाहर लाल नेहरू स्टेडियम में शुरू होगा। तीन दिन चलने वाले इस फूड फेस्टिवल में देश के 27 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से 500 से ज्यादा स्ट्रीट फूड वेंडर्स इसमें हिस्सा लेंगे।

उल्लेखनीय है कि यह आयोजन नेशनल एसोसिएशन ऑफ स्ट्रीट वेंडर्स ऑफ इंडिया (एनएएसवीआई) द्वारा हर साल आयोजित किया जाता है। इस फेस्टिवल में स्वाद, मनोरंजन और कला का बेहतरीन संगम देखने को मिलेगा।

एनएएसवीआई के राष्ट्रीय संयोजक अरबिंद सिंह ने कहा कि इस तरह के फूड फेस्टिवल से स्ट्रीट फूड संस्कृति को बढ़ावा मिलता है और वेंडर्स को अपने व्यवसाय बढ़ाने का अवसर मिलता है। उन्होंने बताया कि यह फेस्टिवल में देश के प्रसिद्ध सेलिब्रिटी शेफ वेंडर्स का हौसला बढ़ाएंगे। संगीत और मनोरंजन के लिए गायक कैलाश खेर, रैपर एमसी स्क्वेयर, गायक खुल्लर और श्रीलंका की कलाकार योहानी की प्रस्तुति होगी। बच्चों के लिए "दिल तो बच्चा है" कार्यक्रम में खेल, म्यूजिकल चेयर, पेंटिंग प्रतियोगिता और क्विज़ जैसे आकर्षक आयोजन होंगे।

स्ट्रीट फूड फेस्टिवल की अध्यक्ष संगीता सिंह ने कहा कि यह उत्सव भारत की जीवंत खाद्य संस्कृति को प्रदर्शित करता है। यह स्वाद, संगीत और खुशियों का अनूठा संगम है। इस साल फेस्टिवल में प्रतियोगिताएं भी होंगी। बिरयानी बैटल में हैदराबाद, कोलकाता, कश्मीर, मालाबार और लखनऊ की बिरयानी का मुकाबला होगा। चाट धमाल में पानीपुरी और गोलगप्पे का मुकाबला होगा। इसके अलावा, चाय जंक्शन में देशभर की अलग-अलग चाय का स्वाद लिया जा सकेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित