नयी दिल्ली , फरवरी 02 -- हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सोमवार को राष्ट्रीय राजधानी में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से शिष्टाचार मुलाकात की।
श्री सैनी की शिष्टाचार भेंट को राज्य के विकास कार्यों और आने वाले राजनीतिक कार्यक्रमों के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। बैठक के दौरान केंद्र और राज्य के बीच समन्वय को और मजबूत करने पर विशेष जोर दिया गया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के मार्गदर्शन में "सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास, सबका प्रयास" के मंत्र के साथ हरियाणा निरंतर प्रगति की राह पर अग्रसर है।
सूत्रों के अनुसार मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री को अंबाला में बनकर तैयार हुए भव्य शहीद स्मारक के लोकार्पण के लिए आमंत्रित किया। यह स्मारक देश के वीर शहीदों के सम्मान में निर्मित किया गया है और इसे हरियाणा की एक महत्वपूर्ण पहचान के रूप में देखा जा रहा है। माना जा रहा है कि इस निमंत्रण के बाद प्रधानमंत्री मोदी जल्द ही हरियाणा का दौरा कर सकते हैं, जिससे प्रदेश में विकास योजनाओं को नई गति मिलने की संभावना है।
बैठक के दौरान मुख्यमंत्री सैनी ने पंजाब स्थित आदमपुर एयरपोर्ट का नाम संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज के नाम पर रखने के केंद्र सरकार के फैसले के लिए प्रधानमंत्री का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह निर्णय सामाजिक समरसता समानता और भाईचारे की भावना को मजबूत करता है।
श्री सैनी ने कहा कि गुरु रविदास महाराज के विचार आज भी समाज को जोड़ने का कार्य करते हैं और प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में लिए गए ऐसे फैसले सभी वर्गों को सम्मान देने की दिशा में अहम कदम हैं। बैठक में प्रदेश से जुड़े अन्य विकासात्मक मुद्दों और आगामी कार्यक्रमों पर भी चर्चा हुई।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित