नयी दिल्ली , जनवरी 15 -- राष्ट्रीय राजधानी में लगातार पांचवें दिन भी शीतलहर की स्थिति बनी रही।

मौसम केंद्र सफदरजंग में गुरुवार को न्यूनतम तापमान गिरकर 2.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस इलाके में मौसम का सबसे कम तापमान है।

मौसम विभाग (आईएमडी) के अनुसार पालम में न्यूनतम तापमान 2.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो दिल्ली में सबसे कम और सामान्य से लगभग पांच डिग्री सेल्सियस नीचे है। ठंड का असर पूरी राष्ट्रीय राजधानी में देखने को मिला।

मौसम विभाग के अनुसार आयानगर में न्यूनतम तापमान 2.7 डिग्री सेल्सियस, लोधी रोड पर 3.4 डिग्री सेल्सियस और रिज में न्यूनतम तापमान 4.5 सेल्सियस दर्ज किया गया।

गौरतलब है कि मौसम विभाग वास्तविक न्यूनतम तापमान चार डिग्री सेल्सियस या उससे कम हो जाने पर शीतलहर के तौर पर परिभाषित करता है। यह मानदंड दिल्ली के पांच मौसम निगरानी केंद्र या बेधशाला में से चार में पूरा हुआ है।राष्ट्रीय राजधानी में ठंडी हवाओं के कारण सर्दी बढ़ गयी है, जिसके कारण सुबह के समय दफ्तर जाने वालों को परेशानी हो रही है। यहां गुरुवार सुबह पूरे शहर में घना से हल्का कोहरा छाया रहा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित