नयी दिल्ली , दिसंबर 03 -- दिल्ली के मास्टर प्लान को मंजूर करने और लैंड पूलिंग नीति लागू करने की लोक सभा में बुधवार को मांग की गयी।
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राम सिंह बिधूड़ी ने शून्य काल के दौरान यह मामला उठाते हुए कहा कि 2021 में दिल्ली का मास्टर प्लान आया था, लेकिन अभी तक उसे मंजूर नहीं किया गया है। दिल्ली में लैंड पूलिंग नीति भी लागू नहीं की जा रही है। मास्टर प्लान का उल्लंघन करते हुए अनेक कालोनियां बसायी जा रही हैं। इससे लोगों के लिए अनेक तरह की परेशानियां उत्पन्न हो रही हैं।
उन्होंने कहा कि दिल्ली आज दुनिया की सर्वाधिक प्रदूषित राजधानी बन गयी है, यहां प्रदूषण बढ़ने का एक कारण अनियोजित कालोनियां विकसित होनाभी है। उन्होंने दिल्ली के लिए मास्टर प्लान स्वीकृत करने की मांग की और कहा कि इससे अनधिकृत कालोनियों के लिए भी योजनायें बनायी जा सकेगी।
भाजपा के ही जगदम्बिका पाल ने उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थनगर जिला स्थित बढ़नी स्टेशन से देश के चार महानगरों दिल्ली, मुम्बई, कोलकाता और चेन्नई के लिए ट्रेन चलाने की मांग की। उन्होंने कहा कि इन महानगरों के लिए बढ़नी से ट्रेन चलाये जाने से इलाके के यात्रियों को तो सहूलियत होगी ही, इस क्षेत्र में व्यापारिक गतिविधियां भी बढ़ेंगी। इसके नेपाल के नजदीक होने से पड़ोसी देश के नागरिकों को भी इन महानगरों में आने-जाने में आसानी होगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित