नयी दिल्ली , नवंबर 21 -- दिल्ली प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष देवेन्द्र यादव ने शुक्रवार को कहा कि दिल्ली में पूर्ववर्ती आम आदमी पार्टी (आप) और मौजूदा भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सरकार ने जनता का काम नहीं किया है और लोगों को भ्रमित करने के लिए सिर्फ खोखली बयानबाजी की जा रही है।

दिल्ली प्रदेश कांग्रेस ने निगम उपचुनाव प्रचार अभियान तेज करते हुए वीडियो एलईडी वाली चुनावी वैन को आज यहां राजीव भवन से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस मौके पर श्री यादव ने कहा कि कांग्रेस का नारा ''झाडू-कमल ने दिया धोखा, बदला नहीं बदले का मौका'' सभी निगम के 12 वार्डों में गूंज रहा है। एमसीडी के 12 वार्डों के उपचुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी आप और भाजपा द्वारा झूठे वादों के साथ दिल्लीवासियों के साथ किए गए विश्वासघात को उजागर करके मतदाताओं को हाथ का निशान दबाकर वोट देने की मांग कर रहे है।

उन्होंने कहा कि पिछले 12 वर्षों से गरीब लोग अपने राशन कार्ड का इंतजार कर रहे थे। कांग्रेस सरकार ने 15 वर्षों जिन कल्याणकारी योजनाओं को लोगों की आर्थिक मदद करने के लिए लागू की थीं, पिछले कुछ वर्षों से वृद्धावस्था, दिव्यांग व विधवा पेंशन का वितरण तक रुका हुआ है।

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर जनता को गुमराह करने का आरोप लगाते हुए श्री यादव ने कहा कि रेखा गुप्ता सरकार ने अधूरे वादों से लोगों को गुमराह करके उनको धोखा दिया है। कानून व्यवस्था की बिगड़ती हालत के कारण महिलाएं और बच्चे असुरक्षित महसूस करते है और अपने घरों से बाहर जाने से डरते है। दिल्ली में बढ़ती आबादी के अनुपात में डीटीसी बेड़े में बसें बहुत कम है, जो यात्रियों की परेशानी का बड़ा कारण है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित